आजमगढ़। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में लंबित ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले तीन अधिकारियों और तीन कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। सभी छह कर्मियों का वेतन अग्रिम आदेश तक अवरुद्ध कर दिया गया है। मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा ने बताया कि राजस्व परिषद की कुल 866 ऑडिट आपत्तियों में से अब तक 299 का निस्तारण किया जा चुका है। इनमें 237 पूर्व माह तथा 62 वर्तमान माह की आपत्तियां शामिल हैं, जबकि 567 आपत्तियां अभी भी लंबित हैं। वहीं महालेखाकार की 40 ऑडिट आपत्तियों में से 26 का निस्तारण किया जा चुका है और 14 अब भी लंबित हैं। उन्होंने बताया कि लंबित ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को समय-समय पर अनुपालन आख्या निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन 7 जुलाई 2026 तक भी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों ने अनुपालन आख्या प्रस्तुत नहीं की। प्रकरण को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर तहसीलदार सगड़ी, तहसीलदार लालगंज, तहसीलदार मेहनगर, खनन/आपदा लिपिक रामविलास यादव, मुख्य राजस्व लेखाकार कमरूद्दीन खां तथा कलेक्ट्रेट के वेतन लिपिक (ग्रामसभा) मंगल का वेतन अग्रिम आदेश तक अवरुद्ध कर दिया गया है।
आजमगढ़ : डीएम ने तीन अधिकारियों समेत छह कर्मियों का वेतन रोका
By -
Tuesday, July 14, 2026
0
Tags:



