आजमगढ़। मेहनगर क्षेत्र के निवासी पंचम पुत्र जगनन्दन ने आयुक्त, आजमगढ़ मंडल को शिकायती पत्र देकर एक संस्कृत माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत कर्मचारी पर फर्जी मार्कशीट के आधार पर नौकरी करने का आरोप लगाया है। शिकायत में संबंधित कर्मचारी को सेवा से बर्खास्त करने, अब तक दिए गए वेतन एवं अन्य देयकों की वसूली करने तथा मामले में कथित संलिप्तता के आधार पर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) के विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने किसी अन्य अभ्यर्थी की उत्तर मध्यमा वर्ष-1986 की अंकपत्र में कथित कूटरचना कर श्री मण्डलेश्वर महादेव संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, रायपुर, मेहनगर में नौकरी प्राप्त की। शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतकर्ता ने अपने पत्र में संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध पूर्व के एक आपराधिक मामले का भी उल्लेख करते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने पर सेवा से बर्खास्तगी, सरकारी धन की वसूली तथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी आजमगढ़ को भी भेजी गई है। इस बाबत उक्त विद्यालय के शिक्षक से पूछे जाने पर बताया गया कि तत्कालीन जिला विद्यालय निरीक्षक आजमगढ़ के पत्र पर सम्बंधित विश्वविद्यालय से सत्यापन कराया गया हैं ,शिकायतकर्ता का आरोप निराधार हैं।



