आजमगढ़ की दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ई-ट्राईसाइकिल, 65 हजार रुपये तक की मिलेगी सहायता

Youth India Times
By -
0

16 वर्ष या उससे अधिक आयु की अध्ययनरत दिव्यांग छात्राएं कर सकेंगी आवेदन
आजमगढ़। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ई-ट्राईसाइकिल योजना शुरू की है। इसके तहत जनपद की 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं को शैक्षिक पुनर्वास एवं सुगम आवागमन के लिए ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। प्रति लाभार्थी अधिकतम 65 हजार रुपये तक की सहायता दी जाएगी। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि योजना का लाभ मस्क्यूलर डिस्ट्रोफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफिलिया आदि से प्रभावित उन छात्राओं को मिलेगा, जिनकी शारीरिक स्थिति ई-ट्राईसाइकिल चलाने के अनुकूल हो तथा जिनका दिव्यांगता प्रमाणपत्र या यूडीआईडी कार्ड मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा प्रमाणित हो। लाभार्थी या उसका परिवार आयकरदाता नहीं होना चाहिए तथा गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही, पिछले पांच वर्षों में किसी अन्य स्रोत से ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त करने वाली छात्राएं इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी। योजना का लाभ लेने के लिए संबंधित शिक्षण या प्रशिक्षण संस्थान से अध्ययनरत होने का प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। इच्छुक छात्राएं अधिक जानकारी एवं आवेदन संबंधी सहायता के लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, आजमगढ़ से संपर्क कर सकती हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)