80 लाख की जमीन सौदेबाजी में धोखाधड़ी का आरोप
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के खत्रीटोला निवासी अरविंद कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने 80 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि कानपुर देहात स्थित जमीन का बैनामा कराने के नाम पर आरोपियों ने बड़ी रकम लेने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही रुपये वापस किए। पीड़ित के अनुसार वर्ष 2023 में एक रजिस्टर्ड एग्रीमेंट के तहत कानपुर देहात की जमीन का सौदा हुआ था, जिसके एवज में कुल 80 लाख रुपये विभिन्न माध्यमों से आरोपियों को दिए गए। आरोप है कि तय समय सीमा बीतने के बाद भी जमीन का बैनामा नहीं कराया गया। बाद में जानकारी मिली कि संबंधित जमीन विवादित है और उससे जुड़े मामलों के चलते उसका अधिग्रहण भी हो चुका है। तहरीर में मनीष त्रिपाठी, उनके पिता नरेन्द्र देव त्रिपाठी तथा किरण त्रिपाठी पर तथ्य छिपाकर धोखाधड़ी करने, रकम हड़पने और रुपये मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले में आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





