डॉ. सर्वेश कुमार ने आर्गेनिक फार्मिंग, ड्रोन तकनीक और एआई आधारित कृषि पर डाला प्रकाश, अनुशासन के तीन स्तंभों का भी दिया संदेश
आजमगढ़। सर्वोदय पब्लिक स्कूल, घोरठ में 99 यूपी बटालियन एन सी सी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर सी ए टी सी-313 के छठवें दिन, "आधुनिक कृषि में युवाओं की भूमिका" विषय पर एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता डॉ. सर्वेश कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर, श्री दुर्गा जी पी.जी. कॉलेज, चंडेश्वर ने कैडेटों को आधुनिक कृषि में, उपलब्ध अवसरों, नवीन तकनीकों तथा कृषि क्षेत्र में युवाओं की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. कुमार ने अपने व्याख्यान में आॅर्गेनिक फार्मिंग, नेचुरल फार्मिंग, कृषि प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग), ड्रोन तकनीक, आॅटोमेशन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा इंटरनेट आॅफ थिंग्स जैसी आधुनिक तकनीकों के कृषि में बढ़ते उपयोग पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि युवा इन तकनीकों का उपयोग कर कृषि को अधिक उत्पादक, लाभकारी एवं पर्यावरण-अनुकूल बना सकते हैं। उन्होंने कृषि क्षेत्र से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं एवं किसानों को इन योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देना चाहिए। अपने संबोधन में उन्होंने अनुशासन के तीन प्रमुख स्तंभ नैतिकता, निष्ठा और ईमानदारी को सफल जीवन एवं नेतृत्व का आधार बताया। उन्होंने कहा कि ये मूल्य न केवल एक अच्छे कैडेट बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन सेकेंड आॅफिसर दिनेश मिश्रा ने किया। कैम्प कमाण्डेन्ट कर्नल दिनेश शर्मा तथा डिप्टी कैम्प कमाण्डेन्ट ले0कर्नल जे0बी0 सिंह ने डॉ0 सर्वेश को स्मृति चिन्ह एवं सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक राजेन्द्र यादव ने अंगवस्त्रम प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। व्याख्यान के दौरान सभी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा आधुनिक कृषि, सरकारी योजनाओं, खाद्य गुणवत्ता एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे। व्याख्यान कैडेटों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं समसामयिक विषयों से परिपूर्ण रहा। इस अवसर पर विभिन्न कॉलेजों के कैडेट्स,एस0एम0,पी0आई0 स्टॉफ और सहयुक्त एन सी सी अधिकारी उपस्थित रहे।





