आजमगढ़ : इलाज के दौरान महिला की मौत, क्लिनिक सील

Youth India Times
By -
0

 






निजी क्लिनिक पर लापरवाही का आरोप, संचालक हिरासत में; सीएमओ ने की कार्रवाई
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में एक निजी क्लिनिक पर इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों ने क्लिनिक संचालक पर लापरवाही और समय पर उचित उपचार न देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) ने संबंधित क्लिनिक को सील कर दिया है। पुलिस के अनुसार, थाना बरदह क्षेत्र के खम्हौली गांव निवासी सुरेंद्र बिन्द ने तहरीर देकर बताया कि गुरुवार शाम करीब छह बजे उनकी 32 वर्षीय पत्नी की तबीयत खराब होने पर उन्हें मुक्तिपुर स्थित एक निजी क्लिनिक पर उपचार के लिए ले जाया गया। आरोप है कि क्लिनिक संचालक चन्द्रसेन यादव द्वारा इलाज के दौरान महिला की हालत बिगड़ती रही, लेकिन समय रहते न तो उचित उपचार किया गया और न ही किसी बड़े अस्पताल के लिए रेफर किया गया। इसी दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी ने संबंधित क्लिनिक को सील कर दिया। वहीं पुलिस ने सुरेंद्र बिन्द की तहरीर पर थाना बरदह में मु0अ0सं0 159/2026 धारा 105 भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी क्लिनिक संचालक चन्द्रसेन यादव निवासी कदनापुर थाना दीदारगंज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)