नहर के पास अनियंत्रित होकर खेत में गिरी बाइक
रिपोर्ट : आरपी सिंह
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत टेऊंगा नहर के पास गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक अपने दोस्त के साथ बारात से वापस घर लौट रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कासिमपुर (अंबारी) निवासी 32 वर्षीय संदीप यादव पुत्र शीतला प्रसाद यादव अपने दोस्त संतोष यादव पुत्र कल्पनाथ यादव (21) के साथ फुलवरिया गांव में एक बारात में शामिल होने गए थे। देर रात करीब 9:30 बजे दोनों दो पहिया वाहन से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान टेऊंगा नहर के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरा। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। साथ में मौजूद दोस्त संतोष यादव ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी और घायल संदीप को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक संदीप यादव अपने दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। वह अपने पीछे पत्नी और बच्चों को छोड़ गया है। परिवार के बड़े बेटे की अचानक मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। पिता शीतला प्रसाद यादव सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार संदीप मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति था और परिवार की जिम्मेदारियां उसी के कंधों पर थीं।






