आज़मगढ़ : हिस्ट्रीशीटर एहसान खान गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0




सोशल मीडिया पर असलहों का वीडियो वायरल करने का आरोप

हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एससी/एसटी एक्ट समेत 25 मुकदमे हैं दर्ज
आजमगढ़। सरायमीर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध असलहों के साथ वीडियो वायरल कर दहशत फैलाने वाले एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस .303 बोर बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एससी/एसटी एक्ट समेत 25 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे अपनी टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान सूचना मिली कि थाना सरायमीर का हिस्ट्रीशीटर एहसान खान निवासी छित्तेपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने पास तीन अवैध असलहे होने की बात कह रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया था। सूचना यह भी मिली कि आरोपी जौनपुर जनपद के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़ौर गांव में मौजूद है और किसी वारदात को अंजाम दे सकता है। पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने एक अवैध तमंचा और कारतूस ग्राम छित्तेपुर स्थित सलीम की बाग में बंद पड़े ट्यूबेल में छिपा रखे हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मौके से तमंचा और कारतूस बरामद कर लिया। बरामद हथियारों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज न दिखा पाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)