आजमगढ़ : संदिग्ध हालात में वृद्ध दंपति की हुई मौत

Youth India Times
By -
0

 






बेटों से बंटवारे को लेकर हुआ था विवाद
बेटी ने भाइयों और भाभियों पर जहर देकर हत्या का लगाया आरोप
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा गोमाडीह में शुक्रवार और शनिवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक वृद्ध दंपति की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गोमाडीह गांव के पूर्वी हरिजन बस्ती निवासी श्यामलाल (70 वर्ष) पुत्र बाबूलाल तथा उनकी पत्नी बसंती देवी (65 वर्ष) शनिवार की सुबह अपने घर में बिस्तर पर मृत पाए गए। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना स्थानीय पुलिस चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अश्विनी कुमार मिश्रा तथा गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। बताया जा रहा है कि मृतक श्यामलाल के चार पुत्र जियालाल, महेंद्र कुमार, कैलाश और अवधेश तथा एक पुत्री हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार करीब चार दिन पूर्व संपत्ति के बंटवारे को लेकर श्यामलाल और उनके पुत्रों के बीच विवाद हुआ था। श्यामलाल ने अपनी संपत्ति का बंटवारा पुत्रों में कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद शुक्रवार को फिर किसी बात को लेकर बेटों और बहुओं से उनका विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर पड़ोसियों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया था। शनिवार सुबह जब काफी देर तक घर के अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो परिजनों और ग्रामीणों को संदेह हुआ। घर के अंदर जाकर देखा गया तो श्यामलाल और उनकी पत्नी बसंती देवी मृत अवस्था में पड़े थे। घटना की जानकारी फैलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया। मृतक दंपति की पुत्री कुमारी देवी ने अपने भाइयों और भाभियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके माता-पिता को जहर देकर मार दिया गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)