9 से 14 वर्ष की बच्चियों के टीकाकरण पर दिया गया विशेष जोर
हर बेटी और महिला को सर्विक्स कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना : पूजा सिंह, अध्यक्ष
आजमगढ़। दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट द्वारा जनपद में सर्विक्स कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष वैक्सीनेशन जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. विपिन यादव को ट्रस्ट का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चियों को सर्विक्स कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए समय रहते जागरूक करना है। प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. विपिन यादव ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि सर्विक्स कैंसर मुख्य रूप से HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) संक्रमण के कारण होता है। उन्होंने कहा कि यह बीमारी महिलाओं में तेजी से बढ़ रही है, लेकिन समय पर टीकाकरण और जागरूकता से इसे काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने बताया कि 9 से 14 वर्ष की आयु में लगाई जाने वाली HPV वैक्सीन सबसे अधिक प्रभावी मानी जाती है। साथ ही 9 से 26 वर्ष तक की आयु वर्ग में भी यह टीका लाभकारी हो सकता है। डॉ. विपिन यादव ने कहा कि उनका संकल्प आजमगढ़ को सर्विक्स कैंसर मुक्त जिला बनाना है। इसके लिए गांव-गांव और स्कूलों तक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस वैक्सीन के महत्व को समझ सकें और अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराएं। दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें और सर्विक्स कैंसर से बचाव हेतु HPV वैक्सीन अवश्य लगवाएं। ट्रस्ट ने यह भी कहा कि “रोकथाम इलाज से बेहतर है” और जागरूकता ही इस बीमारी के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है। अध्यक्ष पूजा सिंह ने कहा, “दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट का उद्देश्य हर बेटी और महिला को सर्विक्स कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है। जागरूकता और समय पर HPV वैक्सीनेशन से इस बीमारी को रोका जा सकता है। हम गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे, ताकि आजमगढ़ को सर्विक्स कैंसर मुक्त बनाया जा सके।”






