पीड़िता पहुंची एसएसपी दरबार, पति व पुलिस पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
आजमगढ़। जिले में एक महिला ने अपने पति और पुलिस पर उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव निवासी निर्मला चौहान ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसका पति उपेन्द्र चौहान शादी के बाद से ही शराब के नशे में आए दिन मारपीट करता है और परिवार की जिम्मेदारी नहीं निभाता। महिला के अनुसार वर्ष 2017 में हिंदू रीति-रिवाज से उसकी शादी हुई थी, जिससे दो बच्चे भी हैं। आरोप है कि शादी में दहेज स्वरूप दी गई मोटरसाइकिल को लेकर विवाद बढ़ गया। महिला का कहना है कि पति काम-धंधा नहीं करता और बाइक से घूमता रहता है, इसलिए उसने मोटरसाइकिल अपने पास रख ली और पति से परिवार के भरण-पोषण की व्यवस्था करने को कहा। इस बीच महिला अपने बच्चों के साथ शेखपुरा स्थित बहन के घर रहने लगी। आरोप है कि 4 मई 2026 को पति के प्रार्थना पत्र पर बलरामपुर पुलिस चौकी इंचार्ज सिपाहियों के साथ वहां पहुंचे और बाइक वापस करने का दबाव बनाने लगे। महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने धमकी दी कि यदि गाड़ी नहीं दी गई तो उसके परिजनों पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर दिया जाएगा। निर्मला चौहान ने बताया कि उसने अपने व बच्चों के भरण-पोषण के लिए पारिवारिक न्यायालय, आजमगढ़ में मुकदमा भी दाखिल किया है। इसके बावजूद पति द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा है। महिला ने एसएसपी से मांग की है कि संबंधित चौकी इंचार्ज को निर्देशित किया जाए कि उसे अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और उसे न्याय दिलाया जाए।






