आजमगढ़ : चलती बाइक से महिला का मंगलसूत्र छीनकर बदमाश फरार

Youth India Times
By -
0





दिनदहाड़े वारदात को दिया अंजाम, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी
आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह करीब 10:30 बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां चलती मोटरसाइकिल से आए दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र के देहदुवार (लल्लूगंज) गांव निवासी शर्मिला गुप्ता, पत्नी विनय गुप्ता, अपने भाई अजय गुप्ता के साथ मायके आंवक (थाना रानी की सराय) जा रही थीं। जैसे ही वे गंभीरपुर थाना क्षेत्र के लहबरिया बाजार से लगभग 100 मीटर आगे बढ़ीं, पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया और झपट्टा मारकर गले से मंगलसूत्र छीन लिया। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला और उसके भाई कुछ समझ पाते, तब तक आरोपी आजमगढ़ की ओर फरार हो चुके थे। पीड़िता ने तुरंत 1076 पर कॉल कर घटना की सूचना दी। महिला ने लूटे गए मंगलसूत्र की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई है। सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पीड़िता ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)