बच्चों ने माताओं के चरण धोकर और आरती उतारकर जताया सम्मान, खेल प्रतियोगिताओं में माताओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
आजमगढ़। मदर्स डे के पावन अवसर पर आर.के. ग्लोबल स्कूल, आजमगढ़ में मातृ सम्मान समारोह बड़े ही हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर भावनात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल से सराबोर नजर आया। समारोह के दौरान बच्चों ने अपनी माताओं के चरण धोकर, पुष्प अर्पित कर तथा आरती उतारकर उनके प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। इस भावुक दृश्य ने उपस्थित सभी अभिभावकों एवं शिक्षकों को भावविभोर कर दिया। माताओं के मनोरंजन के लिए विद्यालय की ओर से विभिन्न रोचक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। म्यूजिकल चेयर एवं बैलून द्वारा गिलास गिराने जैसे खेलों में माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। पूरे आयोजन में खुशी, उत्साह और अपनत्व का सुंदर वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. प्रेम प्रकाश यादव ने माताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मां हमारे जीवन की प्रथम गुरु होती हैं। उनके त्याग, स्नेह और संस्कारों से ही एक अच्छे समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने बच्चों को सदैव माता-पिता का सम्मान करने तथा उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी। विद्यालय परिवार ने सभी माताओं के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। यह आयोजन मातृत्व के प्रति प्रेम, सम्मान और संस्कारों का अनुपम उदाहरण बन गया।





