आजमगढ़ में माजा मैंगो जूस की एक्सपायरी बोतलों का खेल, जूस के नाम पर परोसा जा रहा 'जहर''

Youth India Times
By -
0





हरवंशपुर स्थित 'प्रताप इंटरप्राइजेज, हरवंशपुर मिशन रोड के गोदाम से हुई है दुकानों तक सप्लाई
शिकायत के बाद गोदाम संचालक द्वारा जबरिया एक्सपायरी बोतलें हटा उपभोक्ता को दी गई धमकी
आजमगढ़। भीषण गर्मी के बीच जहां लोग राहत पाने के लिए कोल्ड ड्रिंक और जूस का सहारा ले रहे हैं, वहीं शहर में एक्सपायरी जूस की बिक्री का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि हरवंशपुर मिशन रोड स्थित एक गोदाम से दुकानों पर एक्सपायरी माजा जूस की बोतलें सप्लाई की जा रही हैं। मामले की शिकायत खाद्य विभाग से की गई है। जानकारी के अनुसार शहर के मिशन हॉस्पिटल के पास स्थित एक चाय की दुकान से बुधवार दोपहर करीब पौने दो बजे एक व्यक्ति ने आधा-आधा लीटर की माजा जूस की दो बोतलें खरीदीं। बोतलों का रंग सामान्य से अलग और पुराना दिखाई देने पर खरीददार ने दुकानदार से इस पर सवाल किया। इस पर दुकानदार ने बताया कि वह बोतलें उसने एक दिन पहले ही गोदाम से खरीदी हैं। घर पहुंचने पर जब बच्चों ने बोतलों की एक्सपायरी डेट चेक की तो दोनों बोतलें वर्ष 2025 में ही एक्सपायर पाई गईं। इसके बाद खरीददार दोबारा दुकान पर पहुंचा और इसकी जानकारी दुकानदार को दी। दुकानदार ने अपनी खरीद की रसीद दिखाई, जिस पर 'प्रताप इंटरप्राइजेज, हरवंशपुर मिशन रोड, नियर चिल्ड्रेन कॉलेज गर्ल्स विंग, आजमगढ़' अंकित था। बताया जा रहा है कि उक्त गोदाम से 19 मई को यह सप्लाई की गई थी। खरीददार के कहने पर दुकानदार ने गोदाम संचालक से संपर्क किया। कुछ देर बाद वहां पहुंचे एक व्यक्ति ने खुद को माजा कंपनी का अधिकृत कर्मचारी बताया और दुकान में रखी अन्य बोतलों की जांच की। जांच के दौरान करीब 10 अन्य माजा जूस की बोतलें भी एक्सपायरी मिलीं। आरोप है कि इसके बाद उक्त कर्मचारी एक्सपायरी बोतलों को हटाने की कोशिश करने लगा। जब उपभोक्ता ने इसका विरोध करते हुए खाद्य विभाग को सूचना देने की बात कही तो कर्मचारी ने अपने अन्य जिम्मेदारों को फोन किया। थोड़ी देर बाद तीन अन्य लोग मौके पर पहुंचे और कथित रूप से एक्सपायरी बोतलों को जबरन गाड़ी में रखकर वहां से हटवा दिया। उपभोक्ता का आरोप है कि इस दौरान उसे धमकी भी दी गई। मामले को गंभीर मानते हुए पीड़ित व्यक्ति ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर फूड इंस्पेक्टर को शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की। इस घटना के सामने आने के बाद शहर में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में यदि एक्सपायरी पेय पदार्थ खुलेआम दुकानों तक पहुंच रहे हैं तो यह आमजन के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। अब देखना होगा कि खाद्य विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)