आजमगढ़ : शिब्ली इंटर कॉलेज में नौकरी दिलाने के नाम पर 7.61 लाख की ठगी

Youth India Times
By -
0





खुद को प्रधानाध्यापक बता शिक्षा विभाग में मजबूत पकड़ होने का किया था दावा

पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंप कर की शिकायत
आजमगढ़। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिब्ली इंटर कॉलेज में बाबू पद पर नियुक्ति कराने का झांसा देकर एक युवक से 7 लाख 61 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। जहानागंज थाना क्षेत्र के महुआ मुरारपुर गांव निवासी अमित गोंड का आरोप है कि उसकी मुलाकात अचलपार कोढ़वा गांव निवासी केदार यादव के जरिए मुबारकपुर थाना क्षेत्र के फखरुद्दीनपुर निवासी अकील अहमद से हुई थी। अकील ने खुद को प्रधानाध्यापक बताते हुए शिक्षा विभाग में मजबूत पकड़ होने का दावा किया और शिब्ली इंटर कॉलेज में बाबू की नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग तिथियों में कुल 7 लाख 61 हजार रुपये लिए। इसमें 5 लाख 24 हजार रुपये आरोपी के बेटे अब्दुल्लाह के फोन-पे खाते में ट्रांसफर किए गए, जबकि 2 लाख 37 हजार रुपये नगद दिए गए। नगद लेनदेन के दौरान केदार यादव और प्रेमचंद्र गोंड के मौजूद होने का भी दावा किया गया है। अमित गोंड का कहना है कि लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने 7 लाख 61 हजार रुपये का चेक दिया, लेकिन बैंक में लगाने पर चेक बाउंस हो गया। इसके बाद आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। पीड़ित का आरोप है कि संबंधित थाने में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)