आजमगढ़। सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने जनपद में सख्त रुख अपनाते हुए मॉडिफाइड साइलेन्सर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और सायरन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। यह अभियान 2 मई से 3 मई 2026 तक चलाया गया, जिसमें जिले के सभी थानों और यातायात पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेन्सर के 20 मामलों में ₹10,000 तथा प्रेशर हॉर्न के 12 मामलों में ₹5,000 का शमन शुल्क वसूला गया। इस तरह कुल 32 चालान कर ₹15,000 का जुर्माना लगाया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले 2 वाहनों को सीज भी किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस ने अवैध रूप से साइलेन्सर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और सायरन की बिक्री करने वाले 4 दुकानदारों को नोटिस जारी कर सख्त चेतावनी दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और वाहनों में अवैध उपकरणों का प्रयोग न करें, जिससे दुर्घटनाओं और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण पाया जा सके।






