आजमगढ़ : मामूली विवाद में युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

Youth India Times
By -
0





दो नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
रिपोर्ट : आरपी सिंह
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोबरहा गांव में सोमवार सुबह मामूली विवाद के दौरान दबंगों ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोबरहा निवासी धर्मेंद्र (28) पुत्र राजेश सुबह करीब आठ बजे निर्माणाधीन भवन की देखरेख के लिए जा रहे थे। रास्ते में गांव के ही गूंगे और सत्यम नामक युवकों ने उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने धर्मेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को देख आरोपी फरार हो गए। ग्रामीणों ने घायल अवस्था में पड़े धर्मेंद्र को तत्काल उनके परिजनों को सूचना देकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल के पिता राजेश पुत्र गरीब ने कोतवाली फूलपुर में दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप ने बताया कि मामला संज्ञान में है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)