उड़ाका दल ने परीक्षा केंद्र पर पकड़ी अनियमितताएं, कुलपति ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश
आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय की सम सेमेस्टर परीक्षाओं के बीच एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कुलपति प्रो. संजीव कुमार के निर्देश पर गठित उड़ाका दल की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान सामूहिक नकल का मामला पकड़ा है। डॉ. पंकज सिंह एवं डॉ. शफीउज्जमा के नेतृत्व में टीम ने गांधी त्रिवेणी स्मारक बरदह नोडल केंद्र से संबद्ध बाबा सहोरु दास स्मारक महाविद्यालय, नन्दाव में द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान छापा मारा। निरीक्षण के दौरान न केवल सामूहिक नकल पकड़ी गई, बल्कि विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित विभिन्न मानकों का उल्लंघन भी पाया गया। उड़ाका दल ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंप दी है। मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह के अनुसार, कुलपति ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि परीक्षा की शुचिता और पवित्रता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कुलपति ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि दोषी महाविद्यालय के विरुद्ध नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप नकलविहीन परीक्षा कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।





