आज़मगढ़ : लापरवाही पर सब इंस्पेक्टर को किया निलंबित

Youth India Times
By -
0
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार





हिस्ट्रीशीटर की निगरानी में ढिलाई, साइबर हेल्प डेस्क पर 30 से अधिक शिकायतें लंबित मिलने पर विभागीय जांच के आदेश
एसएसपी द्वारा की गई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
आजमगढ़। पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली पर तैनात एक उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा के दौरान संबंधित उपनिरीक्षक के कार्यों में गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच में पाया गया कि उन्होंने एक हिस्ट्रीशीटर की निगरानी में अपेक्षित रुचि नहीं ली तथा उससे संबंधित सामान्य डायरी (जीडी) और फ्लाईशीट में आवश्यक प्रविष्टियां भी नहीं कीं। इसके अलावा विभिन्न गंभीर मामलों में प्रभावी कार्रवाई न करने, मांगे गए स्पष्टीकरण का जवाब प्रस्तुत न करने तथा साइबर हेल्प डेस्क पर 30 से अधिक लंबित प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में उदासीनता बरतने के तथ्य भी प्रकाश में आए। एसएसपी ने इसे पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता मानते हुए संबंधित उपनिरीक्षक को तत्काल निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ करें। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और बेहतर पुलिस सेवा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)