पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर देर रात हुआ हादसा, कार से बिहार जा रहे थे लोग
आजमगढ़। जनपद के पवई थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 190 किलोमीटर पर गुरुवार देर रात लगभग तीन बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ की ओर से बिहार जा रही एक डिजायर कार सड़क किनारे सुरक्षित लेन में खड़ी थी, तभी पीछे से आ रहे आलू लदे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, कार सवार लोग पेशाब करने के लिए वाहन से उतर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने कार को रौंदते हुए आगे बढ़ गया। हादसे में कार के बाहर खड़े ओंकार नाथ मिश्र (38), पुत्र गंगा सागर मिश्र, निवासी ग्राम बभनगवा, थाना नाऊ कोठी, जिला बेगूसराय (बिहार) ट्रक के पहिए के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे युवक सुधांशु शेखर चौधरी (28), पुत्र सुमन नाथ चौधरी, निवासी पूर्णिया (बिहार), भी ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनके दोनों पैर कट गए। कार में बैठे अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद पवई पुलिस ने आलू लदे ट्रक और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। चालक की पहचान रमेश सिंह, पुत्र देवनाथ सिंह, निवासी ग्राम गौतम नगरा, थाना सरैनी, जिला रायबरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। चालक ने पुलिस को बताया कि वह फरुर्खाबाद से आलू लेकर आजमगढ़ जा रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





