ट्रेलर ने पुलिस जीप को मारी टक्कर, हेड कांस्टेबल की मौत, तीन पुलिसकर्मी गंभीर घायल

Youth India Times
By -
0




रात्रि गश्त के दौरान हुआ हादसा, अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा

मऊ। जनपद के थाना घोसी क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना गोरखपुर-मऊ हाईवे पर बनियापार के पास उस समय हुई जब पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। जानकारी के अनुसार, सेकेंड मोबाइल सरकारी वाहन को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वाहन में सवार उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल प्रितम कुमार यादव, चालक हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव और पीआरडी जवान ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घोसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल मऊ रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने ईसीजी जांच के बाद चालक हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव को रात करीब 2 बजे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मऊ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना। साथ ही चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधिकारियों ने दिवंगत हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना को पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया। फिलहाल अन्य घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)