आजमगढ़ में बोले सीएम योगी रामलला भव्य मंदिर में विराजमान,.... उन लोगों ने तो रामभक्तों पर चलवा दी गोलियां

Youth India Times
By -
0





सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्री बाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादन संस्थान का किया विधिवत उद्घाटन, निरहुआ को लेकर कही यह बात
आजमगढ़। सोमवार को योगी आदित्यनाथ का दौरा रहा। उनका हेलीकॉप्टर दोपहर 3 बजकर 32 मिनट पर उतरा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री ने शाम 4 बजकर 8 मिनट पर श्री बाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादन संस्थान का विधिवत उद्घाटन किया और इसके बाद जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि जिन किसानों के पास चार गोवंश हैं, उन्हें प्रति गोवंश 1500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे उनकी आय बढ़ाने में मदद मिल रही है। मुख्यमंत्री ने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में विश्वविद्यालय, एयरपोर्ट और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जैसी बड़ी परियोजनाएं तेजी से विकसित हुई हैं। उन्होंने 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' योजना के तहत करोड़ों युवाओं को रोजगार मिलने और अब तक 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दिए जाने का दावा भी किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए वेटनरी मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाई। साथ ही गोबर गैस प्लांट के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने लोगों से सौर ऊर्जा और गोबर गैस योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की, जिन पर सरकार सब्सिडी भी उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री ने हरिहरपुर गांव को कला और संगीत की जननी बताते हुए कहा कि यहां संगीत विद्यालय की स्थापना कराई गई है। इसके अलावा श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय, दिव्यांगजनों के लिए विशेष विद्यालय तथा लालगंज में 100 बेड के अस्पताल की स्वीकृति का भी उल्लेख किया। अपने भाषण के दौरान उन्होंने अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि आज रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हैं और यह भाजपा सरकार में ही संभव हो पाया है। उन्होंने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए पूर्व सरकारों पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ को ऋषि-मुनियों और तपस्वियों की भूमि बताते हुए कहा कि अब यहां के लोगों को अन्य प्रदेशों में सम्मान मिल रहा है। अपने संबोधन में उन्होंने पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का भी जिक्र किया और बताया कि उन्होंने भी इस योजना की सराहना की है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)