आजमगढ़ : चार बच्चों के पिता ने की आत्महत्या

Youth India Times
By -
0

 






पत्नी से विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम, पुलिस ने शव को लिया कब्जे में
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के बहाउद्दीनपुर गांव में गुरुवार देर शाम पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद चार बच्चों के पिता का शव घर के अंदर फंदे से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बहाउद्दीनपुर गांव निवासी 40 वर्षीय रामनरायन मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार को भी वह रोज की तरह मजदूरी कर शाम को घर लौटे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी पत्नी से कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। मृतक के भाई हौसिला ने बताया कि विवाद के बाद रामनरायन घर के अंदर चले गए। परिजनों ने सोचा कि कुछ देर में उनका गुस्सा शांत हो जाएगा और वह बाहर आ जाएंगे। लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद जब वह बाहर नहीं निकले तो परिजन उन्हें बुलाने के लिए कमरे में पहुंचे। कमरे के अंदर का दृश्य देख परिजनों के होश उड़ गए। रामनरायन टीनशेड में लगी बल्ली से रस्सी के सहारे फंदे से लटके हुए थे। आनन-फानन में शोर मचाया गया, जिसके बाद गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिवार में एक 10 वर्षीय विकलांग पुत्र और तीन बेटियां हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 12, 6 और 4 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)