दबंगों का दुस्साहस, युवक की पिटाई के बाद कपड़े उतरवाकर गांव में घुमाया

Youth India Times
By -
0

 





मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को तलाश रही पुलिस
मऊ। जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खुरहट बाजार में युवक के साथ मारपीट, अपहरण और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी कृष्णा बीते 27 मार्च को खुरहट बाजार में लगे मेले में गया था। इसी दौरान आगे चल रहे आनंद राय की बाइक के अचानक ब्रेक लगाने से कृष्णा की गाड़ी टकरा गई। आरोप है कि इसी बात को लेकर आनंद राय ने सरेराह हेलमेट से कृष्णा पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया। बताया गया कि अगले दिन कृष्णा अपने ससुराल धर्मसीपुर जा रहा था। आरोप है कि ससुराल पहुंचने से पहले नहर के पास कसारी गांव निवासी प्रशांत उर्फ नितेश राय, अंकित राय, आनंद राय, रितेश राय और अनुराग उपाध्याय ने उसे जबरन पकड़ लिया। आरोपियों ने उसका मुंह गमछे से बांधकर बाइक से गांव ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया तथा कपड़े उतरवाकर गांव में घुमाया गया। जूते-चप्पल सिर पर रखवाकर बेल्ट से पिटाई करने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। करीब दो घंटे बाद आरोपियों ने कृष्णा को तमसा नदी के पास छोड़ दिया, जहां से वह किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कर उपचार कराया गया। घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, कसारी गांव में पुलिस दबिश का एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस की कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष रानीपुर प्रमोद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)