संदिग्ध दवाएं जब्त, अवैध मेडिकल व पैथोलॉजी केंद्रों में मचा हड़कंप
आजमगढ़। जनपद के जहानागंज क्षेत्र स्थित कोल्हूखोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के पास बुधवार सुबह करीब 9 बजे प्रशासनिक टीम की अचानक छापेमारी से हड़कंप मच गया। एसडीएम सदर नरेंद्र कुमार गंगवार, सीओ आस्था जायसवाल, एसओ अतुल कुमार मिश्रा और ड्रग इंस्पेक्टर सीमा वर्मा की संयुक्त टीम ने सीएचसी प्रभारी कुशल नंदन की मौजूदगी में मेडिकल हाल की जांच की। छापेमारी की सूचना मिलते ही मेडिकल हाल का संचालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद अधिकारियों ने दुकान की गहन जांच-पड़ताल की, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित अन्य मेडिकल स्टोरों और पैथोलॉजी केंद्रों में भी खलबली मच गई। ड्रग इंस्पेक्टर सीमा वर्मा के अनुसार, करीब 8 हजार रुपये कीमत की 20 संदिग्ध दवाओं को जांच के लिए जब्त किया गया है। इन दवाओं को परीक्षण के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले को संबंधित समिति के माध्यम से न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके बाद नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मेडिकल हाल, पैथोलॉजी और छोटे अस्पतालों पर प्रशासन की सख्ती बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से बिना मानक और अनुमति के कई संस्थान संचालित हो रहे थे, जिन पर अब प्रशासन की नजर सख्त हो गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और अवैध संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।






