एक माह से चल रहा था विवाद, तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र के कटात चक कटात गांव में छत का बारजा निकालने को लेकर चल रहा विवाद शनिवार रात करीब दस बजे खूनी संघर्ष में बदल गया। कहासुनी के दौरान विपक्षी पक्ष ने भाजपा के मंडल मंत्री विजेंद्र कुमार (38) पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर मुख्य आरोपी मोहन समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, विजेंद्र कुमार गांव में रहकर अपने पिता के साथ खेती-किसानी करते थे और वर्तमान में भाजपा के मंडल मंत्री पद पर कार्यरत थे। करीब एक माह से उनका अपने पड़ोसी व चचेरे भाई मोहन के परिवार से छत के बारजा को लेकर विवाद चल रहा था। इस दौरान कई बार दोनों पक्षों में कहासुनी और झड़प भी हुई, जिसे स्थानीय पंचायत के माध्यम से सुलझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार रात मोहन शराब के नशे में विजेंद्र के दरवाजे पर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान मोहन के भाई मिलन और भतीजा अनिष भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि मिलन और अनिष ने विजेंद्र को पकड़ लिया, जबकि मोहन ने चाकू से पेट, पीठ और जांघ पर कई वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिजन व ग्रामीण घायल विजेंद्र को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष निहार नंदन ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।






