आजमगढ़ में अपराधियों पर सख्ती: एक और शस्त्र लाइसेंस निरस्त/निलंबित

Youth India Times
By -
0






अपराध में लिप्त शस्त्र धारकों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

आजमगढ़। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आपराधिक प्रवृत्ति के शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 70 शस्त्र लाइसेंस निरस्त अथवा निलंबित किए जा चुके हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संस्तुति पर जिला मजिस्ट्रेट रविन्द्र कुमार के अनुमोदन के बाद की गई है। अभियान के तहत ऐसे लाइसेंस धारकों की पहचान की गई जो विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए थे और जिनके पास शस्त्र होना जनसुरक्षा के दृष्टिकोण से खतरा माना गया। पुलिस के अनुसार, इन व्यक्तियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और इनके कृत्यों से आमजन में भय का वातावरण बन रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह कड़ा कदम उठाया है। हालिया कार्रवाई में बरदह थाना क्षेत्र के बरसवां निवासी शशिकांत राय पुत्र जयप्रकाश राय का शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। उनके पास मौजूद राइफल गन को भी जब्त करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जनपद में अपराधी प्रवृत्ति के लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन व्यक्तियों के पास शस्त्र होने से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है, उनके खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत गया है कि जनपद में कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)