इंटरमीडिएट में प्रगति सरोज ने मारी बाजी, विद्यालय में जश्न का माहौल
आजमगढ़। जनपद के जहानागंज क्षेत्र स्थित एस.के.डी. इंटर कॉलेज धनहुआ में सत्र 2025-26 के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष की लहर दौड़ गई। हाईस्कूल परीक्षा में अंकित यादव ने 92.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं आकाश यादव ने 92.57 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अयान रियाज 92 प्रतिशत अंक लेकर तृतीय स्थान पर रहे, जबकि स्नेहा चौबे ने 91.83 प्रतिशत अंक पाकर चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। आक्रांत चौहान ने 91 प्रतिशत अंक अर्जित कर पंचम स्थान पर अपनी जगह बनाई। इसी क्रम में इंटरमीडिएट के छात्रों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। प्रगति सरोज ने 81.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। आकाश मौर्य 80.8 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि शांतनु यादव ने 79.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। सुजाता, पल्लवी और सुमित ने 78.6 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। सभी सफल छात्रों ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने परिवार बल्कि विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय प्रांगण में मेधावी छात्रों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा उन्हें मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेन्द्र पांडे, व्यवस्थापक श्रीकांत सिंह सहित शिक्षकगण—राजेश विश्वकर्मा, अनन्त, संतोष, संजय यादव, सूर्य प्रताप, अनंतशील आदि उपस्थित रहे। सभी ने छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।







