हाईस्कूल में हर्षिता यादव ने 95% के साथ जिले में 9वां स्थान, इंटरमीडिएट में अनामिका यादव रही अव्वल
आजमगढ़। माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज, उत्तर प्रदेश द्वारा दिनांक 23 अप्रैल 2026 को घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में जनपद के सर्वोदय पब्लिक इंटर कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इंटरमीडिएट में कुल 83 पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से सभी ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की, वहीं हाईस्कूल में भी 80 में से सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से पास हुए। इस उत्कृष्ट परिणाम ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासन को एक बार फिर साबित किया है। हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में हर्षिता यादव ने 95% अंक प्राप्त कर जिले में नौवां स्थान हासिल किया, साथ ही शहर के विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त कर विशेष पहचान बनाई। इसके अलावा अन्तिमा यादव ने 92.3% अंक के साथ द्वितीय स्थान, तरूण यादव ने 91.3% अंक के साथ तृतीय स्थान, अंजनी यादव ने 89.83% अंक के साथ चतुर्थ स्थान तथा श्रेया यादव ने 88.6% अंक के साथ पाँचवां स्थान प्राप्त किया। इंटरमीडिएट परीक्षा में भी छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अनामिका यादव ने 86.2% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। हेना परवीन ने 85.2% अंक के साथ द्वितीय, अंजली यादव ने 83.2% अंक के साथ तृतीय, खुशी मौर्या ने 81.6% अंक के साथ चतुर्थ तथा युवराज यादव ने 81.2% अंक के साथ पाँचवां स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव ने इस उपलब्धि पर सभी छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम सभी के सामूहिक प्रयास और समर्पण का नतीजा है। वहीं प्रधानाचार्या कंचन यादव ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यालय आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करता रहेगा। इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और विद्यालय के प्रति अभिभावकों का विश्वास और भी मजबूत हुआ है।







