आजमगढ़ : खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

Youth India Times
By -
0





फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा, जांच में जुटी पुलिस
आजमगढ़। जनपद के बरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत ठेकमा बाजार स्थित सादीपुर पोखरा के पीछे रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पराली जलाने से उठी आग ने पास खड़ी एक ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते ट्रक आग का गोला बन गई, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी और स्वयं भी आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बाल्टी, पानी और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। ग्रामीण रामसकल के अनुसार, ट्रक चालक वाहन खड़ा कर भोजन करने गया था। इसी दौरान पास में जलाई गई पराली से अचानक आग भड़क उठी और तेजी से फैलते हुए ट्रक तक पहुंच गई। कुछ ही देर में पूरा ट्रक आग की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही ठेकमा चौकी से सिपाही पंकज यादव और सुनील सरोज मौके पर पहुंच गए। इसके साथ ही दमकल विभाग की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। थाना अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक में आग लगने से कुछ नुकसान हुआ है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)