आजमगढ़ : चलती कार में लगी आग, घनी आबादी में मची अफरातफरी

Youth India Times
By -
0





पुरानी कोतवाली के पास सामने से उठीं लपटें, लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के घनी आबादी वाले इलाके में रविवार रात उस समय अफरातफरी मच गई जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना उस समय हुई जब कार में लोग सवार थे और वाहन पुरानी कोतवाली के पास पहुंचा ही था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के आगे के हिस्से से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल कार सवारों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही कार सवार तुरंत वाहन से बाहर निकले। देखते ही देखते आग ने तेज रूप ले लिया और कार के अगले हिस्से में फैल गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टियों और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग बुझने के बाद कार सवारों ने क्षतिग्रस्त वाहन को धक्का देकर नजदीकी वर्कशॉप तक पहुंचाया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि कार के आगे के हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)