आजमगढ़। जिले के अजमतगढ़ क्षेत्र स्थित पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय (प्रथम) में पढ़ाई के बजाय छात्रों से सफाई और निजी कार्य कराए जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने प्रधानाध्यापक अवधेश यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला उस समय प्रकाश में आया जब 10 अप्रैल 2026 को एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर और वायरल वीडियो के जरिए यह सामने आया कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से गैर शैक्षणिक कार्य जैसे सफाई, व्यक्तिगत काम और सामान ढुलवाया जा रहा था। इसके साथ ही विद्यालय में मध्यान्ह भोजन को बाहर चूल्हे पर बनाए जाने को लेकर भी गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत मिली। बीएसए कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 13 अप्रैल को प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद यह कार्रवाई की गई। जारी आदेश में कहा गया है कि यह कृत्य बाल अधिकार शिक्षा अधिनियम 2009 के प्रावधानों का उल्लंघन है और शिक्षक पद की गरिमा के विपरीत है। निलंबन अवधि में संबंधित प्रधानाध्यापक को जीवन निर्वाह भत्ता नियमानुसार दिया जाएगा तथा उन्हें खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय अजमतगढ़ से संबद्ध किया गया है। साथ ही, खंड शिक्षा अधिकारी हरैया को मामले की जांच सौंपी गई है और निर्देश दिए गए हैं कि आरोप पत्र तैयार कर विस्तृत जांच आख्या प्रस्तुत की जाए।






