आजमगढ़ : जमीनी विवाद में पट्टीदारों ने माँ व दो बेटियों को पीटकर किया घायल

Youth India Times
By -
0







मेंहनगर क्षेत्र के गोपालपुर के पट्टी पुरवा की घटना, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के पट्टी पुरवा में रविवार सुबह करीब 7 बजे जमीनी विवाद को लेकर पट्टीदारों ने एक महिला और उसकी दो बेटियों को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को पहले सीएचसी मेंहनगर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय अनिता पत्नी रामविलास सरोज अपने चिन्हित भूमि पर वर्षों से टीनशेड रखकर गुजर-बसर कर रही थीं। रविवार की सुबह आरोप है कि उनके पट्टीदार संजय, इंदल और हरिचंद्र सहित कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे और टीनशेड पर लाठी-डंडों से प्रहार करने लगे तथा सामान फेंकने लगे। अनिता द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मां को पिटता देख उनकी पुत्रियां नंदिनी (24 वर्ष) और संजना (16 वर्ष) मौके पर पहुंचीं तो हमलावरों ने उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद एक पड़ोसी की मदद से तीनों घायलों को ऑटो रिक्शा से मेंहनगर थाने ले जाया गया। वहां से 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहनगर भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में घायल अनिता ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)