एक निजी अस्पताल में विधायक के साथ आया था अभियुक्त
आजमगढ़। शहर के एक निजी अस्पताल में आईसीयू वार्ड के भीतर स्टाफ नर्स के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को तमंचा और कारतूस के साथ हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, तहबरपुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव निवासी सूरज मौर्या सलमानी हॉस्पिटल में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 19 मार्च को वह आईसीयू वार्ड में बेड नंबर 6 पर भर्ती मरीज राजनेत यादव की देखभाल कर रहे थे। इसी दौरान करीब 3:30 बजे सपा विधायक नफीस अहमद मरीज से मिलने पहुंचे और बातचीत करने लगे। निर्धारित समय समाप्त होने पर जब स्टाफ नर्स ने विधायक से बाहर जाने का अनुरोध किया, तो उनके साथ आए युवक गुफरान ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि गुफरान ने कमर में खोंसी पिस्टल निकालकर नर्स की कनपटी पर सटा दी और जान से मारने की धमकी दी। बचाव के दौरान पिस्टल नीचे गिर गई, जिसके बाद आरोपी ने गला दबाने का प्रयास करते हुए मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर अस्पताल में अन्य लोग जुटने लगे, जिस पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी ने बताया कि मामले को तत्काल संज्ञान में लेकर थाना कोतवाली में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अभियुक्त गुफरान निवासी मनचोभा को तमंचा और कारतूस के साथ हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






