आजमगढ़ : सीमेंट लदा ट्रेलर पलटा, विद्युत पोल से टकराने पर हादसा

Youth India Times
By -
0





चालक बाल-बाल बचा, पुलिस चौकी के पास देर रात हुई घटना

आज़मगढ़। आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर गंभीरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब सीमेंट की चादरों से लदा एक अनियंत्रित ट्रेलर पलट गया। यह दुर्घटना गंभीरपुर पुलिस चौकी के ठीक बगल में उस समय हुई, जब ट्रेलर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराया। जानकारी के अनुसार, निजामाबाद थाना क्षेत्र के असिलपुर गांव निवासी चालक देवेंद्र यादव प्रयागराज के सतहरिया से सीमेंट की चादरें लादकर बिहार जा रहा था। जैसे ही ट्रेलर गंभीरपुर बाजार स्थित पुलिस चौकी के पास पहुंचा, वह अचानक अनियंत्रित हो गया और विद्युत पोल से टकराने के बाद पलट गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से चालक देवेंद्र यादव को ट्रेलर के केबिन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई। टक्कर इतनी तेज थी कि पास ही स्थित इंजेजा के मकान का बारजा (बालकनी) भी क्षतिग्रस्त हो गया। शुक्रवार सुबह गंभीरपुर पुलिस ने सड़क किनारे पलटे ट्रेलर को हटवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। गंभीरपुर पुलिस चौकी प्रभारी संदीप दुबे ने बताया कि हादसे के बावजूद यातायात बाधित नहीं हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)