दुकान बंद कर घर लौट रहे थे दोनों, हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार
रिपोर्ट-अंजनी राय
आजमगढ़। जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कमालगंज (गोसाईगंज) बाजार में शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई, जबकि पुत्र का इलाज अभी जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरसेरवा गांव निवासी सियाराम विश्वकर्मा (60) पुत्र राम अवतार और उनके पुत्र अजय विश्वकर्मा (30) की कमालगंज बाजार में फर्नीचर की दुकान है। शनिवार की रात करीब 9 बजे दोनों दुकान बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वे दुकान से लगभग 100 मीटर ही आगे बढ़े थे कि जौनपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार मौके का फायदा उठाकर वाहन सहित फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के राहगीरों और बाजारवासियों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तत्काल घायलों के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को आनन-फानन में जौनपुर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां रविवार की सुबह तड़के इलाज के दौरान सियाराम विश्वकर्मा की मौत हो गई, जबकि अजय विश्वकर्मा का इलाज जारी है। घटना के बाद परिजन सियाराम का शव लेकर घर वापस लौट आए और डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है, लेकिन अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि मृतक के तीन पुत्र हैं, जिनमें घायल अजय तीसरे नंबर का है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





