लायंस क्लब इंटरनेशनल के तत्वावधान में 180 मरीजों की जांच, चयनित मरीजों को वाराणसी भेजा गया
आने वाले समय में ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसे शिविर आयोजित जरूरतमंदों को किया जायेगा लाभान्वित-ओम प्रकाश अग्रवाल, अध्यक्ष
आजमगढ़। समाज के गरीब और जरूरतमंद तबके के उत्थान के लिए निरंतर कार्यरत लायंस क्लब इंटरनेशनल द्वारा रविवार को केएन लाल मेमोरियल हॉस्पिटल, लक्षिरामपुर में नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कुल 180 मरीजों की आंखों की जांच की, जिसमें 43 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए। इन सभी चयनित मरीजों को आपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण के लिए वाराणसी स्थित आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल भेजा गया है। शिविर का शुभारंभ डिस्टिक्ट चेयर पर्सन (होम्योपैथी) डॉ. भक्तवत्सल, अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल, वरिष्ठ सर्जन डॉ. निर्मल श्रीवास्तव, सचिव सुनील अग्रवाल और कोषाध्यक्ष रवि जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डॉ. भक्तवत्सल ने कहा कि लायंस क्लब हमेशा सामाजिक सरोकारों में अग्रणी रहा है और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए इस तरह के शिविर अत्यंत आवश्यक हैं और भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे। शिविर में आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल की टीम ने डॉ. ऋष्टि पोंडा के नेतृत्व में मरीजों का परीक्षण किया। मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए मरीजों को आपरेशन के लिए चयनित कर बस द्वारा वाराणसी भेजा गया। आपरेशन के बाद मरीजों को उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाने की भी व्यवस्था की गई है। अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल और सचिव सुनील अग्रवाल ने बताया कि आने वाले समय में ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल सके। शिविर में मरीजों के भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर गोकुल दास अग्रवाल, डॉ. अनुतोष वत्सल, विजय कुमार श्रीवास्तव, गौरव गर्ग, संजय डालमिया, राकेश अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





