नर्सरी से कक्षा तीन तक के विद्यार्थियों को परिणाम वितरित, उत्कृष्ट छात्रों को किया गया सम्मानित
परीक्षा परिणाम केवल अंकों का मूल्यांकन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के प्रयास, सीखने की प्रक्रिया और उनके आत्मविश्वास का प्रतिबिंब भी-यामिनी अरोड़ा, प्रधानाध्यापिका
आजमगढ़। सेंट जेवियर्स किंडरगार्टन में नर्सरी से कक्षा तृतीय तक के विद्यार्थियों के लिए वार्षिक रिजल्ट वितरण दिवस का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल, प्रधानाध्यापिका यामिनी अरोड़ा तथा पीयूष मोढ़ा के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर नन्हें-मुन्ने बच्चों को उनके वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरित किए गए तथा उनकी शैक्षिक उपलब्धियों की सराहना की गई। विद्यालय के शिक्षकों ने अभिभावकों के साथ प्रत्येक विद्यार्थी के प्रदर्शन पर विस्तार से चर्चा की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया, जिससे अन्य बच्चों को भी बेहतर करने की प्रेरणा मिल सके। प्रधानाध्यापिका यामिनी अरोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि परीक्षा परिणाम केवल अंकों का मूल्यांकन नहीं होता, बल्कि यह विद्यार्थियों के प्रयास, सीखने की प्रक्रिया और उनके आत्मविश्वास का प्रतिबिंब होता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक प्रशांत चंद्रा ने अभिभावकों एवं समस्त शिक्षकों का आभार व्यक्त किया और सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।





