स्कूल की जमीन से कब्जा हटाने गई थी टीम, एसडीएम के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
आजमगढ़। माहुल नगर पंचायत क्षेत्र में जूनियर हाई स्कूल की जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई राजस्व टीम के साथ अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अहरौला पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत माहुल के अहरौला रोड स्थित गाटा संख्या 574 राजस्व अभिलेखों में उच्च प्राथमिक विद्यालय की भूमि दर्ज है। भूमि की पैमाइश के दौरान पूर्वी हिस्से में कुछ लोगों का अवैध कब्जा पाया गया था। कब्जा हटाने के लिए तहसीलदार फूलपुर के आदेश पर 19 मार्च को राजस्व टीम मौके पर पहुंची थी। लेखपाल सौरभ राय की तहरीर के मुताबिक, जब टीम जेसीबी मशीन लेकर कब्जा हटाने पहुंची, तभी स्थानीय निवासी राजकुमार गुप्ता और उनके भाई संदीप गुप्ता ने विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए अभद्रता की, जान से मारने की धमकी दी और कुछ समय के लिए टीम तथा जेसीबी को बंधक बना लिया। उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार के निर्देश पर अहरौला पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, अभद्रता, बंधक बनाने और जान-माल की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष अहरौला अमित मिश्र ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।






