आजमगढ़ : 25 हजार का इनामी शूटर गिरफ्तार, फायरिंग कांड का खुलासा

Youth India Times
By -
0





अवैध तमंचा व कारतूस बरामद; फरार साथी की तलाश जारी

आजमगढ़। जनपद के थाना कंधरापुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। जानकारी के मुताबिक 9 जनवरी 2026 की रात बिजौरा गांव निवासी सर्वशक्ति पांडेय उर्फ श्याम पांडेय के घर पर पुरानी रंजिश को लेकर अभय सिंह अपने एक साथी के साथ पहुंचा था। आरोप है कि दोनों ने पहले घर पर ईंट-पत्थर फेंके और जैसे ही पीड़ित बाहर निकला, अभय सिंह ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली सिर के पास से गुजर गई, जिससे पीड़ित बाल-बाल बच गया। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वह देवखरी अंडरपास के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि अभय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपकर रह रहा था। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी यश पांडेय उर्फ आदित्य की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार अभियुक्त को संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय भेज दिया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)