आज़मगढ़ : पत्नी की विदाई कराने गए युवक की संदिग्ध हालात में मौत, ससुराल में जहर खाने का आरोप

Youth India Times
By -
0





मायके पक्ष और ससुराल पक्ष के आरोप-प्रत्यारोप से मामला उलझा

आज़मगढ़। जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला शबाना रोड स्थित मिर्चा मंडी गांव का है, जहां पत्नी की विदाई कराने ससुराल पहुंचे युवक की कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मऊ जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के लग्गुपुर गांव निवासी 26 वर्षीय पवन सोनकर के रूप में हुई है। पवन की शादी वर्ष 2022 में मिर्चा मंडी निवासी अशोक सोनकर की पुत्री अंजली से हुई थी। वह रोजी-रोटी के सिलसिले में दुबई में कार्यरत था और करीब दो माह पहले ही घर लौटा था। परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह पवन अपनी पत्नी अंजली को विदा कराने ससुराल पहुंचा था। वहीं किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने पवन से कहा कि वह अपने पिता को साथ लेकर आए, तभी विदाई होगी। इस बात से नाराज होकर पवन बाजार चला गया और कुछ देर बाद लौटने पर उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। ससुराल पक्ष ने इसकी सूचना पवन के परिजनों को दी। आनन-फानन में उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विषाक्त पदार्थ सेवन की आशंका जताते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे ब्रह्मस्थान स्थित एक निजी अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई सरवन सोनकर ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, दूसरी ओर मृतक की पत्नी अंजली ने पति और उसके परिवार पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट का आरोप लगाया है। अंजली का कहना है कि कुछ दिन पहले ही उसे मारपीट कर मायके भेज दिया गया था। घटना के बाद दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप से मामला उलझ गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)