आजमगढ़। शहर के चौक क्षेत्र में शुक्रवार को जीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहारी जी मंदिर के पास स्थित एक पेंट की दुकान और उससे जुड़े गोदाम पर छापामारी की। इस दौरान टीम को करीब 30 लाख रुपये की टैक्स चोरी का मामला मिला। मौके पर ही कारोबारी से 20 लाख रुपये जमा कराए गए। जानकारी के अनुसार, जीएसटी की असिस्टेंट कमिश्नर मैनेजर चौरसिया के नेतृत्व में टीम दोपहर में गुड्डू राम की पेंट दुकान पर पहुंची। टीम ने पहुंचते ही अभिलेखों की जांच शुरू कर दी और दुकान में मौजूद सामानों का मिलान किया। इसी दौरान दूसरी टीम ने मुकेरीगंज क्षेत्र में आनंद अस्पताल के पास स्थित गोदाम पर छापा मारा। वहां भी रखे गए सामानों की जांच की गई और अभिलेखों से मिलान किया गया। जांच के दौरान कई ऐसे सामान मिले जिनके संबंध में व्यापारी कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। टीम की कार्रवाई देर शाम तक चली। जांच के बाद कुछ महत्वपूर्ण अभिलेख अपने साथ लेकर टीम वापस लौट गई। असिस्टेंट कमिश्नर ने बताया कि संयुक्त कार्रवाई में दुकान और गोदाम दोनों जगहों पर अनियमितताएं मिली हैं और कुल मिलाकर करीब 30 लाख रुपये की टैक्स चोरी सामने आई है।






