गौ-सेवक ‘फरसा वाले बाबा’ की गाड़ी से कुचलकर हत्या, क्षेत्र में तनाव

Youth India Times
By -
0




गौ-तस्करों का पीछा करते समय वारदात, पुलिस ने की नाकाबंदी, हजारों लोगों की भीड़, संगठनों में आक्रोश

मथुरा। कान्हा की नगरी ब्रज में गौ-सेवा के प्रति समर्पित एक प्रमुख चेहरा माने जाने वाले गौ-सेवक चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की कथित रूप से गौ-तस्करों द्वारा गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना थाना कोसीकलां क्षेत्र के कोटवन चौकी अंतर्गत नवीपुर गांव की है, जहां बीती रात यह सनसनीखेज वारदात हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाबा चंद्रशेखर को इलाके में गौ-तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद वह अपनी टीम के साथ संदिग्ध तस्करों का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान नवीपुर के पास तस्करों ने अपनी गाड़ी से उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। बाबा का पार्थिव शरीर उनके गांव अंजनोख स्थित गोशाला लाया गया, जहां हजारों की संख्या में ग्रामीण और गौ-भक्त एकत्र हो गए। उनकी लोकप्रियता और निडर छवि के कारण क्षेत्र में उन्हें विशेष सम्मान प्राप्त था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए छाता क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बरसाना की ओर जाने वाले मार्गों पर सघन नाकाबंदी की गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। घटना की सूचना फैलते ही विभिन्न हिंदूवादी संगठनों और गौ-सेवकों में भारी रोष व्याप्त हो गया है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)