परिजनों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने की लगाई गुहार
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के परषोतमपुर गांव की रहने वाली एक महिला ने अपने पति के मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर जिलाधिकारी से गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि जेल और अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया है, जिससे उसे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार संध्या सिंह पत्नी स्वर्गीय उग्रसेन सिंह उर्फ लाडो निवासी ग्राम परषोतमपुर, थाना मुबारकपुर, तहसील सगड़ी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पति उग्रसेन सिंह पुत्र रामनगीना सिंह को हत्या के एक मामले में नामजद किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में मण्डल कारागार आजमगढ़ में रखा गया था। महिला का कहना है कि जेल में रहते हुए उनके पति की तबीयत काफी समय से खराब चल रही थी। हालत गंभीर होने पर उन्हें मण्डलीय चिकित्सालय आजमगढ़ भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संध्या सिंह का आरोप है कि पति की मृत्यु के बाद उन्हें मृत्यु प्रमाण पत्र की आवश्यकता है, लेकिन न तो जेल प्रशासन और न ही मण्डलीय चिकित्सालय की ओर से मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रमाण पत्र के लिए कई बार संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल पाया है। पीड़िता ने डीएम से मांग की है कि मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित सक्षम अधिकारी के माध्यम से उनके पति का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराया जाए, ताकि उन्हें आगे की आवश्यक कानूनी और पारिवारिक प्रक्रियाएं पूरी करने में सुविधा मिल सके।






