आजमगढ़ में खेत में गन्ने की पत्ती जलाने व जातिसूचक गाली देने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0





पूछताछ करने पर वादी और उसके पुत्र से मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप

आजमगढ़। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दीदारगंज थाना पुलिस ने खेत में रखी गन्ने की पत्ती जलाने, जातिसूचक गाली-गलौज करने और मारपीट के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम बीबीगंज निवासी मता प्रसाद ने थाना दीदारगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 4 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे उनके खेत में रखी गन्ने की पत्ती और अन्य सामग्री को आरोपियों ने आग लगाकर जला दिया। जब उन्होंने इस बारे में पूछताछ की तो आरोपियों ने वादी और उनके पुत्र विमलेश के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और लाठी-डंडे व थप्पड़-मुक्कों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना दीदारगंज पर मुकदमा संख्या 37/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। गुरुवार को उपनिरीक्षक करमुल्ला अली पुलिस टीम के साथ पल्थी चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित आरोपी राजापुर बाजार टैक्सी स्टैंड पर किसी वाहन से भागने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेरकर दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम सत्यम राजभर (21 वर्ष) और उत्तम राजभर (19 वर्ष) पुत्रगण सुभाष निवासी ग्राम बीबीगंज थाना दीदारगंज बताया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक करमुल्ला अली, उपनिरीक्षक रमेशचन्द्र यादव और हेड कांस्टेबल अमरनाथ यादव शामिल रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)