सरकारी कार्य में बाधा और धमकी देने के मामले में पुलिस ने किया गिरफ्तार
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के बारीखास गांव में नल से पानी भरने को लेकर हुए विवाद में जानलेवा हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार 8 जनवरी 2026 को सुबह करीब 9 बजे बारीखास गांव में नल से पानी ले जाते समय पानी गिर जाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। पहले पक्ष की विमला देवी पत्नी स्वर्गीय हरेंद्र चौहान और विनीता पुत्री स्वर्गीय हरेंद्र चौहान का दूसरे पक्ष की सरिता पत्नी जगदीश चौहान और गोविंद पुत्र भगेलू चौहान से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने गाली-गलौज करते हुए बांस के डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया, जिससे दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे बीट आरक्षी ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष उग्र हो गए और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी देने लगे। इस मामले में थाना निजामाबाद में मुकदमा संख्या 25/26 के तहत धारा 109(1), 115(2), 352, 351(3) और 221 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मंगलवार को उपनिरीक्षक लाला राम पुलिस टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इस मामले में वांछित आरोपी गोविंद चौहान असनी पुलिया के पास कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गोविंद चौहान पुत्र भगेलू चौहान निवासी बारीखास थाना निजामाबाद, उम्र लगभग 30 वर्ष बताया। पुलिस ने आरोपी को उसके अपराध से अवगत कराते हुए सुबह करीब 9:30 बजे हिरासत में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक लाला राम, हेड कांस्टेबल अखिलेश कुमार यादव और हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार यादव शामिल रहे।






