आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र में छेड़खानी की शिकायत का मामला जांच के दौरान प्रेम प्रसंग में बदल गया। एक निजी इंटर कॉलेज में कार्यरत शिक्षिका ने शनिवार को थाने में प्रार्थना पत्र देकर गांव के ही एक युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाया था। प्रार्थना पत्र मिलने के बाद पुलिस ने रविवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की। इस दौरान शिक्षिका, आरोपी युवक और कॉलेज प्रबंधक तीनों थाने पहुंचे। पूछताछ में सामने आया कि शिक्षिका और युवक के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। थाने पहुंचने के बाद शिक्षिका ने अपने ही लगाए छेड़खानी के आरोप से इंकार कर दिया और युवक से शादी करने की बात पर अड़ गई। उसने बताया कि दोनों एक ही समुदाय से हैं और निकाह के साथ कोर्ट मैरिज भी करेंगे, ताकि भविष्य में कोई विवाद न हो। शिक्षिका ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधक ने दबाव बनाकर उससे छेड़खानी का प्रार्थना पत्र दिलवाया था। थानाध्यक्ष मंतोष सिंह ने बताया कि छेड़खानी की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment
0Comments






