दोनों पक्षों ने लगाए एक दूसरे पर आरोप, 5 नामजद सहित 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ दी तहरीर
रिपोर्ट-आरपी सिंह
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के उद्पुर ग्राम पंचायत में शुक्रवार शाम धुएं को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों द्वारा एक बर्तन कारखाने और कोल्ड स्टोरेज पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में कारखाने के मालिक कैलाशनाथ रूंगटा सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, कारखाने की चिमनी से निकल रहे प्रदूषित धुएं को लेकर पीछे रहने वाले मनोज यादव और उनके परिजनों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि मनोज यादव अपने 10-15 साथियों के साथ कारखाने पर पहुंच गए और हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के मुताबिक, हमलावर लाठी-डंडा, ईंट और लोहे की रॉड से लैस थे। उन्होंने कारखाने में घुसकर गाली-गलौज की और विरोध करने पर मालिक कैलाशनाथ रूंगटा व कर्मचारियों पंकज, मोहन और कमलेश को बुरी तरह पीट दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों ने कारखाने परिसर में खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की और शीशे तोड़ दिए। घटना के दौरान पुलिस को सूचना देने की कोशिश करने पर हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने थाना फूलपुर में 5 नामजद सहित 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरे पक्ष के मनोज यादव का कहना है कि एल्युमिनियम फैक्ट्री में पहले चिमनी नहीं थी, जिसकी शिकायत की गई थी। बाद में चिमनी बनवाई गई, लेकिन उससे निकलने वाले प्रदूषित धुएं से पूरा मोहल्ला परेशान है। उनका आरोप है कि इसी वजह से फैक्ट्री मालिक ने उनके और उनके बच्चों के नाम मुकदमा दर्ज करवा दिया है।





