रिपोर्ट-सर्वेश कुमार पाण्डेय
आजमगढ़। जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में सरयू नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजमत (20) पुत्र पप्पू निवासी जयपुर, परशुरामपुर अपने परिवार के साथ दोपहर करीब 12 बजे गंगापुर स्थित सरयू नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और अचानक डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी के तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयासों के बाद ग्रामीणों ने युवक का शव नदी से बाहर निकाला। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर गोपालपुर विधायक नफीस अहमद भी मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रशासन से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। कोतवाली प्रभारी केदार नाथ मौर्या ने बताया कि परिजनों के लिखित अनुरोध पर पोस्टमॉर्टम नहीं कराया गया है। पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिवार की ओर से किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नदी या अन्य जलाशयों में स्नान करते समय सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें।





