प्रबंधन व सोसाइटी पदाधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप, डीआईओएस को सौंपा शिकायती पत्र
रिपोर्ट : आरपी सिंह
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर क्षेत्र स्थित मिजवां वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित श्री कैफी आजमी गर्ल्स इंटर कॉलेज के एक प्रवक्ता ने विद्यालय प्रबंधन और सोसाइटी के पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को शिकायती पत्र सौंपा है। भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता वीरेंद्र कुमार, जो वर्ष 2021 से कॉलेज में कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया है कि उन पर जबरन इस्तीफा देने का दबाव बनाया जा रहा है। मना करने पर उन्हें पोक्सो जैसे गंभीर कानून के तहत झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। शिकायत के अनुसार, 27 फरवरी को बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं जमा कर लौटने के बाद उन्हें सोसाइटी के कार्यालय में बुलाया गया। वहां संस्था की सीईओ गुरजीत कौर, मैनेजर सलीम खान, डिप्टी मैनेजर मनोज प्रजापति और बोर्ड सदस्य विकास यादव द्वारा करीब डेढ़ घंटे तक रोके रखकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। शिक्षक का आरोप है कि उनसे सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने का प्रयास किया गया। वीरेंद्र कुमार का कहना है कि इस्तीफा देने से इनकार करने पर उन पर बिना किसी साक्ष्य के चरित्र हनन के आरोप लगाए गए। उन्होंने आशंका जताई है कि उन्हें एक सुनियोजित साजिश के तहत पोक्सो अधिनियम के अंतर्गत फंसाने की कोशिश की जा सकती है। शिक्षक ने अपने पत्र में लिखा है, “इस घटना के बाद से मैं और मेरा परिवार गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में हैं। मुझे और मेरे परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।” फिलहाल मामले में विद्यालय प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिक्षा विभाग द्वारा शिकायत की जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है।







